भाजपा प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी हटाए : पायलट

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Desh Videsh

भाजपा प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी हटाए : पायलट

राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त बताने पर लोकसभा चुनाव में भोपाल में उनकी प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर को उम्मीदवारी से हटा दिया जा


भाजपा प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी हटाए : पायलट
राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त बताने पर लोकसभा चुनाव में भोपाल में उनकी प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर को उम्मीदवारी से हटा दिया जाना चाहिए।  पायलट ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि आजादी के 70 वर्ष बाद भाजपा की प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बोला है, यह चौंकाने वाली बात है। भाजपा ने उनके बयान को उनका निजी विचार बताते हुए इससे किनारा कर लिया, लेकिन उन्हें रोका नहीं, न उन्हें बर्खास्त किया गया। यह नाकाफी है। ऐसे लोगों को भाजपा ने टिकट दिया है, तो उन पर सवाल उठेंगे ही। वह हेमंत करकरे जैसे शहीद को श्राप देती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने श्री विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी है, इसकी जांच होनी चाहिए। श्री पायलट ने निर्वाचन आयोग की आलोचना करते हुए कहा कि टकराव तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में था, लेकिन उन्होंने चुनाव प्रचार की सीमा क्यों घटाई जबकि वहां अन्य दल भी चुनाव लड़ रहे हैं। निर्वाचन आयोग पर अब सवाल उठ रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है।
उन्होंने कहा कि छठे चरण का मतदान पूरा हो चुका है। इसमें भाजपा बुरी तरह पिछड़ रही है। भाजपा शासित राज्यों में ही भाजपा का ग्राफ तेजी से गिरा है। केंद्र सरकार की पांच साल में जो नीतियां रही हैं, वे उनके अहंकार का परिचायक हैं। देश में हर क्षेत्र में गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे राष्ट्रवाद का भ्रम फैलाकर दुष्प्रचार कर रही है। यह चुनाव लम्बे चले हैं, इसमें उनकी असलियत सामने आ गई है। भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को खोखला कर दिया। भाजपा का आधार देश में कहीं नहीं बचा है। दक्षिण में तो वह शून्य है। भाजपा जहां पहले बढ़त में थी वहां भी अब पिछड़ रही है। देशभर में भाजपा हर मोर्चे पर विफल रही है।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गैर भाजपा दलों को एकजुट करने के लिये सक्रिय रहे हैं। एनडीए को रोकने के लिये क्षेत्रीय दलों से सहयोग किया जायेगा। लोकतंत्र नम्बरों से चलता है, फिलहाल भाजपा को हटाना किसी एक दल के लिये संभव नहीं है। लिहाजा गैर भाजपा दल एकजुट होंगे। उन्होंने राजस्थान में अलवर जिले के थानागाजी सामूहिक दुष्कर्म मामले में कहा कि कानून के दायरे में समय रहते दोषियों को सजा मिलेगी। ऐसे हर मामले में यही रुख अपनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पाठ्यक्रम में बदलाव में किसी तरह की राजनीति नहीं की गई है। श्री पायलट ने फिर दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस सभी पच्चीस सीटों पर जीत दर्ज करेगी।