भाजपा की नीति देश और देशवासी के विकास की है : स्वतंत्र देव

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Desh Videsh

भाजपा की नीति देश और देशवासी के विकास की है : स्वतंत्र देव

भाजपा की नीति देश और देशवासी के विकास की है : स्वतंत्र देव


देवरिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज कांग्रेस-सपा-बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग राम सेतु के अस्तित्व पर सवाल खडे करते थे, जो लोग पूछते थे कि मंदिर कब बनाएंगे वे आकर देख ले अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण प्रारम्भ हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में न सिर्फ अयोध्या में भव्य राममंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ बल्कि जम्मूकश्मीर में धारा 370व 35ए की समाप्ति का भी ऐतिहासिक फैसला हुआ। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को देवरिया विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डा. सत्य प्रकाशमणि त्रिपाठी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए युवा शक्ति सम्मेलन को सम्बोधित किया।
स्वतंत्र देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम आत्म निर्भर भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रहे है। वही विपक्ष के नेताओ का पूरा प्रयास अपना व अपने परिवार नातेदार रिश्तेदार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रहता है। भाजपा की नीति देश और देशवासी के विकास की है जबकि इनकी सोच अपना और अपने परिवार के विकास तक सीमित है। जिन लोगो ने अपनी सत्ता रहते सरकारी नौकरियों की नीलामी की उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन की सरकार रास नहीं आ रही इसीलिए वे झूठ व भ्रम का सहारा लेकर हिंसा व अराजकता को  बढ़ावा दे रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अपनी राजनैतिक आंकाक्षाओं की पूर्ति के लिए विपक्षी दल देश की जनता को जाति, धर्म-मजहब के नाम पर बांटकर सत्ता में वापसी के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा और बसपा ने अपनी-अपनी सत्ता का दुरूपयोग करते हुए अपना और अपने परिवार का विकास तो किया लेकिन देश-प्रदेश और जनता का विकास सिर्फ इनकी झूठी घोषणाओं तक ही सीमित रह गया। स्वतंत्र देव ने जनता का आवाहन किया कि वे एकजुट होकर देवरिया विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डा. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को अपना आशीर्वाद व समर्थन देकर विजय बनायें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने देवरिया विधानसभा के उपचुनाव को लेकर सेक्टर प्रवासी मोर्चा, बूथ समिति, विधानसभा संचालन समिति बैठक तथा पार्टी के पदाधिकारियों व अन्य प्रमुख लोगों साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता से सम्पर्क व संवाद करके उन्हें मोदी-योगी सरकार द्वारा जनहित में किये गए कार्यों के बारे में बताते हुए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील करें।(आईपीएन)