जनता को गुमराह कर सत्ता में काबिज होना सपा-बसपा-कांग्रेस का उद्देश्य : उपमुख्यमंत्री

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Desh Videsh

जनता को गुमराह कर सत्ता में काबिज होना सपा-बसपा-कांग्रेस का उद्देश्य : उपमुख्यमंत्री

जनता को गुमराह कर सत्ता में काबिज होना सपा-बसपा-कांग्रेस का उद्देश्य : उपमुख्यमंत्री


उ.प्र. के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को नौगावां सादात, टूण्डला व घाटमपुर विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने सपा-बसपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सपा-बसपा-कांग्रेस का उद्देश्य जाति और मजहब के नाम पर जनता को गुमराह कर सत्ता में काबिज होना है। विकास इनका एजेंडा कभी नहीं रहा। ये लोग समाज को खंडित करके वोट बैंक की राजनीति करते हैं। सत्ता में रहते हुए इन लोगों ने सिवाय अपने और अपने परिवार के लोगों का भला करने के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब ये बात भली-भांति जानती है कि सपा-बसपा और कांग्रेस की राजनीति हमेशा से छल और स्वार्थ की रही है, जबकि भाजपा कर्म और सेवा भाव से काम करती है।
मौर्य ने कहा कि ये वही लोग हैं जो सत्ता में रहते हुए भ्रष्टाचार करते है और अराजकता फैलाते है। इनकी सरकारों के कार्यकाल में गुंडागर्दी चरम पर थी, अपरहण एक उद्योग बन गया था। कुशासन और जंगलराज के कारण उत्तर प्रदेश को हाशिए पर पहुंचाने वाले सपा-बसपा एक बार फिर से प्रदेश को लूटने व गर्त में पहुंचाने के सपने संजोए आप लोगो के बीच में है। जनता को इन दलों के मंसूबो से सचेत रहना होगा व भाजपा को अपना समर्थन देकर उत्तर प्रदेश के चहुमुंखी विकास की गति को और बढाना होगा।
केशव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारतीय राजनीति में सबसे बड़ी उपलब्धि तो यही है कि उन्होंने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण इन तीनों को समाप्त कर विकास के एजेंडे को स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की चिंता कर रहे है। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार हर गांव में बिजली, पानी, सड़क, गरीबों को आवास, शौचालय, बैंक एकाउन्ट, गैस कनेक्शन पहुंचाने जैसे कार्य केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व वाली सरकार ने किये है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की तुष्टिकरण, वंशवाद, परिवारवाद की राजनीति से जनता परेशान हो चुकी है। उन्हें गरीबों, दलितों, वंचितों को बिना भेदभाव के सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने वाली मोदी सरकार व योगी सरकार पसन्द है। जो सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ जनता की अनवरत सेवा में लगी हुई है।
अमरोहा की नौगावां सादात विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी संगीता चौहान के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेन्द्र चौधरी, लक्ष्मी नरायण चौधरी, बलदेव सिंह औलख, विजय कश्यप, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जबकि फिरोजाबाद के टूण्डला विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी प्रेमपाल धनगर के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रदेश सरकार के मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राजकुमार चाहर, सांसद एस.पी. सिंह बघेल, जिला अध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह व पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जबकि कानपुर की घाटमपुर विधानसभा उपचुनाव के पार्टी प्रत्याशी उपेन्द्र पासवान के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश महाना, राजेन्द्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह सहित विधायक व पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।