अज्ञात लोगों ने खेत से लौट रही महिला पर तेजाब फेंका
फिरोजाबाद। पचोखरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। झुलसी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पचोखरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 27 वर्षीय महिला खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान चार अज्ञात लोगों ने महिला पर तेजाब फेंक दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने तुरंत महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। महिला के पेट और पीठ पर लगभग 23 प्रतिशत जलन है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने कहा कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। नामजद दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। महिला के पति, उसके भाई और एक अन्य व्यक्ति पहले से ही एक अन्य महिला की पिटाई और जलाने के आरोप में जेल में हैं।
उन्होंने बताया कि एक और बात यह भी सामने आ रही है कि पीड़िता का पति और उसका भाई जो जेल में हैं, दोनों आरोपी हैं, उनकी गिरफ्तारी में सहायता की थी। इस तरह की बातें भी सामने आ रही हैं। फिर भी, हम पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।