द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने पर भोपाल में मना जश्न, आदिवासी रंग में रंगे शिवराज

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Madhya Pradesh

द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने पर भोपाल में मना जश्न, आदिवासी रंग में रंगे शिवराज


द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने पर भोपाल में मना जश्न, आदिवासी रंग में रंगे शिवराज


द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने पर भोपाल में मना जश्न, आदिवासी रंग में रंगे शिवराज


- मुर्मू की उम्मीदवारी पर आदिवासी बंधुओं, जनप्रतिनिधियों ने जताया प्रधानमंत्री और पार्टी का आभार

भोपाल, 23 जून (हि.स.)। भाजपानीत एनडीए की ओर से ओडिशा निवासी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार बनाए जाने पर यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा समेत मध्य प्रदेश के सभी आदिवासी जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री सहित पार्टी के अन्य नेता आदिवासी रंग में रंगे नजर आए। आदिवासी लोक-कलाकारों के साथ जनजातीय लोक-संगीत की धुनों पर शिवराज और वीडी शर्मा भी उनके साथ खूब नाचे।

कांग्रेस ने किया सिर्फ शोषण, भाजपा नेतृत्व ने दिया मान-सम्मानः शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा तथा एनडीए नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आजादी के बाद इतने सालों तक कांग्रेस वोट के लिए जनजातीय समाज का सिर्फ शोषण करती रही, कभी उनकी भलाई के लिए नहीं सोचा। लेकिन मोदी के नेतृत्व में नई क्रांति हो रही है। भाजपा की सरकार सिर्फ विकास के जरिए नहीं, बल्कि मान-सम्मान और उचित स्थान देकर जनजातीय समाज को ऊपर उठा रही है। आदिवासी समाज को उचित सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले तक राष्ट्रपति वही बनते थे, जो या तो बड़ों घरानों के सदस्य होते थे। लेकिन मोदी ने इस परंपरा को बदला है। उन्होंने एक सामान्य परिवार की जनजातीय बहन द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाया। यह समूचे आदिवासी समाज का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पेसा एक्ट लागू किया जा रहा है। हमने तय किया है कि तेंदूपत्ता तोड़ने और बेचने का अधिकार भी आदिवासी भाइयों को देंगे। इसे हमने प्रायोगिक तौर पर पांच गांवों में लागू किया है। जल्द ही हमारी सरकार एक लाख पदों पर भर्ती भी शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए आनंद का, खुशियां मनाने का अवसर है, इसलिए शुक्रवार को दोपहर 12 बजे जब द्रौपदी मुर्मू अपना नामांकन भरेंगी, तब पूरे प्रदेश में उत्सव मनाया जाए।

भाजपा की सरकारों ने दिया जनजातीय समाज को सम्मानः विष्णुदत्त शर्मा

कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम सभी के लिए यह गौरव का अवसर है। जनजातीय भाई-बहनों के लिए देश में पहली बार अगर किसी सरकार ने कुछ किया, तो वह स्व. अटलजी की सरकार थी, जिसने अलग से जनजातीय मंत्रालय बनाया। मोदी सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव में उन आदिवासी जननायकों को उचित सम्मान दिया है, जिन्होंने अपने-अपने स्तर पर अंग्रेजों से मुकाबला किया। ऐसे ही एक क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के शुरुआत मध्यप्रदेश से हुई। अब प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व ने एक सामान्य जनजातीय परिवार की द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री, पार्टी नेतृत्व और एनडीए के नेतृत्व के प्रति आभार जताता हूं।

मुर्मू को राष्ट्रपति के लिए उम्मीदवार बनाना अभूतपूर्व निर्णयः कुलस्ते

केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद के उम्मीदवार के रूप में द्रौपदी मुर्मू का चयन किया जाना एक ऐतिहासिक निर्णय है। इस तरह का निर्णय देश में आज तक नहीं हुआ। कुलस्ते ने इस निर्णय के लिए देश के संपूर्ण जनजातीय भाइयों-बहनों की ओर से भाजपा और प्रधानमंत्री का आभार जताया।

भाजपा ने जनजातीय समाज के लिए किया काम: गजेंद्र सिंह

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि विपक्षी दल केवल वोट लेने के लिए जनजातियों की बातें करते हैं, लेकिन उनके लिए काम भाजपा, मोदी और शिवराज की सरकारों ने किया है। भाजपा ने जनजातीय क्रांतिवीरों और जनजातीय नेतृत्व को सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के मंत्रिमंडल में जनजातीय समाज के आठ मंत्री शामिल हैं।

पार्टी नेतृत्व के निर्णय से जनजातीय समाज में उत्साह: विजय शाह

प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने एक आदिवासी बहन को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया है, यह प्रदेश ही नहीं पूरे देश के जनजातीय समाज के लिए यह बड़े गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाने पर पूरा समाज भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता है।

भाजपा ही जनजातीय समाज के विकास के लिए तत्परः भाबर

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाबर ने राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का नाम प्रस्तावित किये जाने पर केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें ऐसा नेतृत्व मिला, जो जनजातीय समाज को आगे बढ़ाना चाहता है।

जनजातीय नर्तकों के साथ थिरके मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित आभार प्रदर्शन कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से आए जनजातीय नर्तक दल भी शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे नर्तक दलों ने कार्यक्रम स्थल पर परंपरागत नृत्यों से अतिथियों का स्वागत किया। इन नर्तक दलों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने को नहीं रोक सके और उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के संग परंपरागत वाद्य यंत्रों पर नृत्य किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश