उत्तराखंड में सरकारी नौकरी दिए जाने में हो रहा भ्रष्टाचार : कांग्रेस

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. National

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी दिए जाने में हो रहा भ्रष्टाचार : कांग्रेस

pic


नई दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार हो रहा है। यहां भाजपा के करीबी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं। कांग्रेस नेता व उत्तराखंड के कांग्रेस प्रभारी देवेन्द्र यादव ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि उत्तराखंड में नौकरियों से जुड़े घोटाले की जांच केन्द्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) से होनी चाहिए। इस घोटाले में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हैं।

प्रेसवार्ता के दौरान उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि राज्य की विधानसभा में हुई 129 भर्तियों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। यहां मंत्रियों और भाजपा नेताओं के चहेतों को गैरकानूनी तरीके से नौकरियां बांटी गईं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में एक ओर युवा सरकारी नौकरियों के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर भाजपा अपने करीबी लोगों को नियमों को ताक पर रखकर नौकरियां बाट रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इन घोटालों का विरोध करती रही है। कांग्रेस के दबाव बनाने के बाद अभी तक 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन यह घोटाला काफी बड़ा है अभी और लोगों का नाम भी आना बाकी है। इस लिए कांग्रेस इन मुद्दों पर सीबीआई जांच की मांग करती है।