जनता से जुड़ाव को प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा प्राथमिकता दी: राजनाथ सिंह

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. National

जनता से जुड़ाव को प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा प्राथमिकता दी: राजनाथ सिंह

rajnath


नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से जुड़ाव का मूल मंत्र दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता से जुड़ने के लिए हर बूथ को मजबूत करने की प्रेरणा दी। इसी बूथ प्रबंधन के नाते पार्टी ने व्यापक विस्तार किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह द्वारा लिखी पुस्तक ''द आर्किटेक्ट ऑफ द न्यू बीजेपी'' का विमोचन करते हुए कहा कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री मोदी के बारे में फैलाए गए भ्रमों को तोड़ने वाली है। सिंह ने कहा कि पुस्तक बताती है कि नरेन्द्र मोदी ने बीते वर्षों में कैसे पार्टी को मजबूत करने का काम किया।

सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी को पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी दी उसे उन्होंने गंभीरता से निभाई। वह वर्ष 2001 से कोई चुनाव नहीं हारे। यह किताब प्रधानमंत्री मोदी के अनसुने किस्सों का एक पिटारा है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने संगठन के विस्तार की जो रणनीति 1980 में गुजरात में बनाई। उसी को बाद में हरियाणा, हिमाचल, मध्यप्रदेश, और पंजाब में लागू किया। काडर को टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के लिए तैयार किया। हर ज़िले में पार्टी के अपने कार्यालय की परिकल्पना की, उसके अनुकूल नतीजे भी आए हैं।

सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद जो सफलता भाजपा को मिली है, उसके सूत्रधार नरेन्द्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के बाद अगर कोई जन भावनाओं को समझने वाला दूसरा नेता है तो वह हैं मोदी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कड़े फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं। उनकी भाषण कला लोगों को आकर्षित करती है। नोटबंदी जैसे फैसले को जनता को समझा लेना आसान काम नहीं था लेकिन वह जनता को भरोसा दिलाने में सफल रहे कि नोटबंदी देश के लिए जरूरी था। इसका परिणाम अगले चुनावों में देखने को मिला। जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया। उन्होंने कहा कि जब कोरोना पूरे देश में चरम पर था तो वह जनता से जुड़े रहे और उनको साहस दिया। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी यत्न किया।

राजस्थान सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को संघ या पार्टी द्वारा जो काम दिया गया उसे उन्होंने जिम्मेदारी से निभाया। वह एक सफलतम मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री हैं।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर लगभग 50 से अधिक किताबें उपलब्ध हैं, लेकिन पत्रकार अजय सिंह की पुस्तक सबसे अलग है। इस पुस्तक को तथ्यों के आधार पर लिखा गया है। लेखक ने इसमें अपने विचार नहीं थोपे हैं। पुस्तक पीएम मोदी के बेहतर संगठनकर्ता के गुणों को उजागर करती और बताती है कि प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के सीएम और प्रधानमंत्री के रूप में कैसे सफल रहे हैं।

सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी ने सामाजिक लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सोशल मीडिया का बहुत सुंदर उपयोग किया है। इस माध्यम से वह देश के हर कोने तक पहुंचे और दूसरों के विचारों को सुनने और समझने की कोशिश की है।

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि ढाई दशक नरेन्द्र मोदी को करीब से देखने के बाद लेखक ने यह पुस्तक लिखी है। इस लिए प्रधानमंत्री मोदी को समझने के लिए यह पुस्तक उपयुक्त है।

वरिष्ठ पत्रकार और इंदिरा गांधी कला केन्द्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय ने कहा कि इस पुस्तक की शैली कहानी जैसी है। इसकी तुलना किसी दूसरी पुस्तक से नहीं की जा सकती। पुस्तक सागर को गागर में भरने जैसी है।

राय ने कहा कि यह पुस्तक लिखकर अजय सिंह ने बहुत पुण्य का काम किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पुण्य और पाप की अपनी अलग परिभाषा है, जो भ्रम के निवारण का कार्य करता है, वह पुण्य कार्य है और जो भ्रम फैलाने का काम करता है वह पाप कार्य है।

प्रधानमंत्री मोदी के लिए लंबे समय से बहुत से पत्रकारों ने बहुत बुरा-भला लिखा है। एक तरह से भ्रम फैलाने का काम किया है, लेकिन यह पुस्तक लिखकर अजय सिंह ने पुण्य का काम किया और नरेन्द्र मोदी पर जो भ्रम फैलाए गए हैं, यह पुस्तक उन भ्रमों का निवारण करने वाली है।