Weather Update : 18 राज्यों में बारिश-कोहरे का अलर्ट, जानिये आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम

जनवरी का महीना खत्म होने को है, और ठंड का असर कम होता दिख रहा है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर से कड़ाके की ठंड की चेतावनी दी है। सर्दी के मौसम का एक महीना अभी बाकी है, और इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिनका असर दिल्ली-NCR में शीतलहर और फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भी शीतलहर की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पहला विक्षोभ 29 जनवरी के आस-पास और दूसरा 1 फरवरी को सक्रिय हो सकता है। तो चलिए, जानते हैं अगले 5 दिनों में देशभर में मौसम कैसा रहेगा।
बारिश और कोहरे का पूर्वानुमान:
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जनवरी से दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जो पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेंगे। इन विक्षोभों से बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। 29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय और आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक जैसे राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके अलावा, कराईकल, माहे, यनम, रायलसीमा सहित कुछ अन्य इलाकों में अगले दो दिन बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और पंजाब में शीतलहर का असर रहेगा। उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और बिहार में 29 जनवरी तक सुबह-शाम घना कोहरा छा सकता है। बाकी भारत में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा, जबकि तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली-NCR का मौसम:
दिल्ली-NCR में पिछले दो दिनों से शीतलहर का असर जारी है। हालांकि, दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन सुबह-शाम की ठंडी हवाओं से सिहरन बनी रहती है। मौसम विभाग ने फरवरी के पहले हफ्ते में दिल्ली-NCR में बारिश का अनुमान जताया है। 26 जनवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.7°C और न्यूनतम तापमान 7.2°C रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, आज 27 जनवरी को अधिकतम तापमान 19.7°C रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 8.05°C और 23.11°C के बीच रहेगा। हवा में 12% नमी है और हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। सूरज सुबह 7:11 बजे उगेगा और शाम 5:55 बजे अस्त होगा। वर्तमान में दिल्ली का तापमान 22 से 24°C और न्यूनतम तापमान 7 से 8°C के बीच बना हुआ है।