मॉर्निग वॉक पर गई महिला सीईओ की एसयूवी से टक्कर में मौत

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. National

मॉर्निग वॉक पर गई महिला सीईओ की एसयूवी से टक्कर में मौत

accident


मुंबई में रविवार सुबह तड़के तेज रफ्तार एसयूवी की चपेट में आने से एक 39 वर्षीय महिला सीईओ की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान राजलक्ष्मी राजकृष्णन के रूप में हुई है। महिला रविवार को सुबह लगभग 6.30 बजे वर्ली सैरगाह पर टहल रही थी।

एक चश्मदीद ने कहा कि अचानक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी सड़क-डिवाइडर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई और जैसे ही चालक ने नियंत्रण खो दिया, वाहन ने राजलक्ष्मी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजलक्ष्मी हवा में उछल कर कई फीट दूर जा गिरी, जिससे उनके सिर में गंभीर रूप से चोट लग गई। तभी तत्काल अन्य वॉकर-जॉगर्स उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े।

उन्होंने एसयूवी चालक को भी पकड़ लिया, जिसकी पहचान सुमेर मर्चेट के रूप में हुई है। चालक को भी मामूली चोटें भी आई हैं।

महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। दोपहर में गिरफ्तार करने से पहले वर्ली पुलिस ने मर्चेट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। मर्चेट पर भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने उसके नशे की हालत में होने की पुष्टि के लिए उसके ब्लड के नमूने को जांच के लिए भेजा है। मृतक महिला एक टेक फर्म की सीईओ थी और एक स्थानीय जॉगर्स ग्रुप की सदस्य भी थी, जबकि आरोपी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है।