भगवंत मान कलाकार तो हैं ही, अब ज्योतिषी भी बन गए : पंजाब भाजपा अध्यक्ष

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Punjab

भगवंत मान कलाकार तो हैं ही, अब ज्योतिषी भी बन गए : पंजाब भाजपा अध्यक्ष

Scam


चंडीगढ़ (पंजाब): दिल्ली शराब नीति घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद मु​श्किलों में ​घिरी आम आदमी पार्टी पर अब भाजपा हमलावर है। 
 

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की आप सरकार पर प्रदेश में एक्साइज पॉलिसी की साजिश के जरिए लोगों को हजारों करोड़ रुपये का चूना लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा सहित केजरीवाल की ओर से नियुक्त लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए यहां भी ईडी जांच जरूरी है।

उन्होंने पंजाब की आबकारी नीति को दिल्ली की अब बंद हो चुकी नीति से भी बड़ी बीमारी बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केजरीवाल के उन लोगों को छद्म रूप से राज्य की खुली लूट की इजाजत दी है, जिन्हें सीएम कोटे से पॉश सैक्टरों में बड़े घर दिए गए हैं। वह यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब को आप सरकार के हाथों होने वाले और नुकसान से बचाने के लिए पंजाब की एक्साइज पॉलिसी की ईडी से जांच जरूरी है। इसकी मांग के लिए वह कल चुनाव कार्यालय में एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद राघव चड्ढा को केजरीवाल के भ्रष्ट तरीकों के बारे में पता था।

चड्ढा के अचानक आंख का इलाज करवाने के बहाने विदेश भागने के पीछे यही कारण है, अन्यथा ऐसी कौन-सी बीमारी है जिसका इलाज भारत में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अब भगवंत मान सही मायने में मुख्यमंत्री हैं क्योंकि अब तक वह डमी मुख्यमंत्री थे जबकि सरकार दिल्ली से केजरीवाल और उनके लोग चला रहे थे।

भगवंत मान अब ज्योतिषी भी बन गए: सुनील जाखड़ 

पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भगवंत मान कलाकार तो हैं ही, अब ज्योतिषी भी बन गए हैं। यही वजह है कि अपने सुप्रीमो के भविष्य का अंदाजा लगातार वह कल ‘बेड़ी द मल्लाह न रहा’ गीत गाकर जश्न मना रहे थे। उन्होंने कहा कि मान का जश्न और राघव चड्ढा का विदेश भागना, बिना पतवार वाली नाव के अशुभ संकेत हैं, जिसका जिक्र सीएम कल अपने गीतों में कर रहे थे।

'केजरीवाल ईमानदार थे तो जांच में शामिल हों'

जाखड़ ने कहा कि वह ईडी से उन ईमानदार अधिकारियों के बचाव का आग्रह करेंगे, जिन्हें उस त्रुटिपूर्ण नीति दस्तावेज पर बिना कॉमा-फुलस्टाप बदले हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया था, जो एक विफल और कथित दिल्ली शासन मॉडल का हिस्सा है।

चुनाव से ठीक पहले केजरीवाल की गिरफ्तारी के आरोप को खारिज करते हुए जाखड़ ने कहा कि पहला समन पिछले साल दिया गया था और अगर केजरीवाल ईमानदार थे तो उन्हें जांच में शामिल होना चाहिए था। उनके मंत्री सत्येंद्र जैन, डिप्टी सीएम सिसोदिया और सांसद संजय सिंह सहित उनके सभी फायरवॉल को संदिग्ध भूमिकाओं के लिए गिरफ्तार किया गया है।

वे अदालतों से भी कोई राहत पाने में विफल रहे हैं। पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पद छोड़ने से इनकार कर केजरीवाल गिरफ्तार होने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।