बेटी प्रधानमंत्री के साथ योग करने गई, मां का शव मिला नैनी झील में
-4 दिनों में झील में दूसरी महिला का शव
नैनीताल, 23 जून (हि.स.)। नैनी झील में गुरुवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की शिनाख्त तल्ला कृष्णापुर निवासी कमला गिरी के रूप में हुई है। मृतका की तीन बेटियां हैं। उसकी एक बेटी गत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ योग कार्यक्रम में चयनित होकर शामिल हुई थी।
आज सुबह ठंडी सड़क से मॉर्निंग वॉक पर जा रहे लोगों ने नयना देवी मंदिर के समीप नैनी झील में एक शव देखा। इसकी सूचना तत्काल ही मल्लीताल पुलिस को दी गई। पुलिस और जल पुलिस ने महिला के शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रख दिया। कुछ घंटों के बाद महिला की पहचान तल्लीताल तल्ला कृष्णापुर निवासी कमला गिरी पत्नी किशन गिरी के रूप में हुई। महिला के पति के अनुसार वह बुधवार की शाम दो बेटियों के साथ दवा लेने बाजार आई थी। बाजार से उसने दोनाें बेटियों को दवा लेकर घर भेज दिया लेकिन खुद नही आई। इसके बाद से परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कुछ पता नही चल रहा था। कोतवाल प्रीतम सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला के संबंध में आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बेटी ने प्रधानमंत्री के साथ किया योग
मृतक महिला की एक बेटी दीपा गिरी नगर के अटल आदर्श उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छठी कक्षा की छात्रा है। उसका 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए चयन हुआ था। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में योग करने के लिए गई हुई थी जबकि महिला का पति उच्च न्यायालय परिसर में दैनिक वेतनभोगी के तौर माली के रूप में कार्यरत है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बीते रविवार 19 जून को नैनी झील में नारायण नगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी का शव भी तैरता हुआ मिला था। इस प्रकार यह 4 दिनों के अंदर नैनी झील में मिलेगा दूसरा शव है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी