किसानों की हर स्तर पर मदद की जाएगी : एकनाथ शिंदे

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional

किसानों की हर स्तर पर मदद की जाएगी : एकनाथ शिंदे

eknath-shinde

-विपक्ष अपनी एकजुटता का ध्यान रखे: देवेंद्र फडणवीस
 


मुंबई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की हर स्तर पर मदद करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पिछले 40 दिनों में राज्य सरकार ने 750 लोकोपयोगी निर्णय लिए हैं। उनकी सरकार आम जनता की सरकार है, इसी वजह से राज्य सरकार के मंत्रियों को हर जगह से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को अपनी एकजुटता का ध्यान रखना चाहिए। आज भी विपक्ष तीन धड़ों में बंटा नजर आ रहा है।

बुधवार से मुंबई में शुरू होने जा रहे विधानमंडल के वर्षाकालीन अधिवेशन के पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस चायपान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि भारी बारिश शुरू होते ही सरकार मैदान में है। वे खुद उपमुख्यमंत्री के साथ गढ़चिरौली स्थित भारी बारिश प्रभावित इलाकों में दौरे पर गए थे। बारिश प्रभावित किसानों को सरकार ने पिछली बार से ज्यादा मदद की रकम घोषित की है। यह रकम बहुत जल्द किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार सिर्फ घोषणा करती थी, उसे लागू नहीं कर पाती थी, लेकिन उनकी सरकार घोषणा और कार्यान्वयन साथ -साथ कर रही है, इससे लोगों को जल्द मदद मिल रही है।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने राज्य सरकार को 7 पेज का पत्र भेजा है। पिछली सरकार जो नहीं कर सकी, वह सभी इस पत्र में लिखकर मांग की गई है। उपमुख्यमंत्री ने महाविकास आघाड़ी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली बार बारिश प्रभावित किसानों को राज्य सरकार घोषणा करने के 9 माह बाद मदद की रकम पहुंचा सकी थी लेकिन उनकी सरकार ने 95 फीसदी भारी बारिश प्रभावित किसानों का पंचनामा कर चुकी है। सिर्फ 5 फीसदी पंचनामा रह गया है। कई जगह गलत पंचनामा किए जाने की शिकायत आई है। इस तरह सभी क्षेत्रों में पंचनामा पूरा करने के बाद राज्य सरकार किसानों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाएगी।