उद्यान में रेड स्लाइडर प्रजाति का कछुआ होगा आकर्षण का केंद्र

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional

उद्यान में रेड स्लाइडर प्रजाति का कछुआ होगा आकर्षण का केंद्र


उद्यान में रेड स्लाइडर प्रजाति का कछुआ होगा आकर्षण का केंद्र


रांची, 24 जून (हि.स.)। रांची के ओरमांझी के चकला स्थित बिरसा मुंडा जैविक उद्यान (जू) में जुलाई से कंबोडिया का रेड स्लाइडर प्रजाति का कछुआ आकर्षण का केंद्र होगा। इस कछुए को ईडी ने छापेमारी कर प्रेम प्रकाश के घर से बरामद किया था। फिलहाल, यह कछुआ दो जुलाई तक के लिए क्वारंटाइन है।

वन विभाग ने इस कंबोडियाई कछुए को चार जून को बिरसा उद्यान भेजा था। इस बारे में उद्यान के चिकित्सक डॉ ओपी साहू ने शुक्रवार को बताया कि कछुआ को चार जून को ही क्वारंटाइन कर दिया गया था। जू में रह रहे दूसरे जानवरों की सेफ्टी को लेकर ये एहतियात बरती गयी है। यह सेंट्रल जू ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के गाइडलाइन भी है कि बाहर से कोई भी जानवर जू में आता है तो उसे 28 दिनों तक अकेले रखा जाता है, जिससे किसी प्रकार का संक्रमण हो तो दूसरे जानवरों तक नहीं पहुंचे। पहले से जू में पांच कछुआ हैं। कंबोडियाई कछुआ के आने के बाद इसकी संख्या छह हो गयी है।

बताया गया कि वर्तमान में बिरसा जू में कुल 1526 जानवर हैं। बिरसा जैविक उद्यान का मुख्य आकर्षण वहां की हरियाली तो है ही साथ ही वहां बसे जीव जंतु भी हैं, जो 83 हेक्टेयर में बसे है। इनमें हाथी, सांभर, नील गाय, कोटरा, कृष्ण मृग, चीतल के अलावा सांप घर, दरियाईघोड़ा, मगरमच्छ, घडियाल, बन्दर, लकड़बग्घा, सियार, लोमड़ी, शेर, जंगली बिल्ली, तेंदुआ बिल्ली, साहिल तेंदुआ, बाघ, शुतुरमुर्ग को देखने के लिए लोगों और बच्चों में उत्साह और उमंग भरी रहती है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विकास