राज्य की अर्थव्यवस्था में उद्योगों की भूमिका महत्वपूर्ण : राज्यपाल

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional

राज्य की अर्थव्यवस्था में उद्योगों की भूमिका महत्वपूर्ण : राज्यपाल

rajypal


रांची। राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था में उद्योगों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। उद्योग केवल रोजगार के साधन ही नहीं होते, बल्कि ये पलायन की समस्या का भी समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व के बहुत से देशों में खनिज सम्पदा राष्ट्रीय आय के प्रमुख स्रोत बने हुए हैं।

राज्यपाल शनिवार को पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित झारखंड माइनिंग समिट को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि खनिज संपदा प्रकृति द्वारा किसी भी राष्ट्र और राज्य को दी गई बहुमूल्य उपहार है लेकिन यह एक बार उपयोग में आने के पश्चात ये लगभग समाप्त हो जाते हैं। इसका सम्बन्ध हमारे वर्तमान एवं भविष्य के कल्याण से है। ऐसे में हमें इन संसाधनों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने के साथ-साथ इनके संरक्षण की दिशा में भी ध्यान देने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रकृति ने राज्य को खनिज की दृष्टि से अत्यंत समृद्धशाली बनाया है। यहां खनिज संपदाओं के विपुल भण्डार हैं। खनिज संसाधनों की प्रचुरता के कारण राज्य की भूमि को ‘रत्नगर्भा कहा जाता है। राज्य में कोयला, अभ्रक, लौह अयस्क, तांबा, क्रोमाइट, यूरेनियम, बॉक्साइट, मैंगनीज, चूना पत्थर के समृद्ध भंडार हैं। हम इन खनिज संपदा का कुशलतापूर्वक उपयोग तभी कर पायेंगे जब हमारी खनन पद्धतियाँ बेहतर और नवीन अनुसंधान पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि खनन के क्षेत्र में इनोवेशन को बढ़ावा देने की जरूरत है।

इस अवसर पर अबू बकर सिद्दीकी, डॉ. संजय श्रीवास्तव, पीएम प्रसाद, सलिल कुमार, बीके झा, मंतोष सिंह, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद थे।