गुरुग्राम: खुले दरबार में लोग बोले, जलभराव के साथ लचर है शहर में सफाई व्यवस्था

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional
  3. Haryana

गुरुग्राम: खुले दरबार में लोग बोले, जलभराव के साथ लचर है शहर में सफाई व्यवस्था


गुरुग्राम: खुले दरबार में लोग बोले, जलभराव के साथ लचर है शहर में सफाई व्यवस्था


-जनता दरबार में विधायक के समक्ष लोगों ने अधिकतर इसी तरह की समस्या रखी

-वार्ड-15 में लगे जनता दरबार में आई 80 समस्याएं

गुरुग्राम, 23 जून (हि.स.)। गुरुग्राम विधानसभा में आमजन की जनसमस्याओं की सुनवाई व मौके पर ही उनके निस्तारण को लेकर गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला ने विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत वार्ड-15 में जनता दरबार लगाया। उन्होंने यहां लोगों की समस्याएं सुनी। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह कार्यक्रम सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक केंद्र भवन में आयोजित किया गया।

विधायक सुधीर सिंगला ने बताया कि वार्ड-15 में आयोजित जनता दरबार में आज सेक्टर 4 व 7, सेक्टर 7 एक्सटेंशन, कृष्णा कॉलोनी व न्यू कॉलोनी से आए दर्जनों लोगों ने उनके समक्ष करीब 80 समस्याएं रखी, जिसमें अधिकतर समस्याएं जलभराव व सफाई व्यवस्था से संबंधित थी। लोगों की समस्याएं सुनते हुए श्री सिंगला ने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। वहीं कुछ समस्याओं के समाधान के लिए समय सीमा तय करते हुए उनकी समस्या का निदान करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनसंख्या की दृष्टि से गुडग़ांव विधानसभा क्षेत्र प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा है, लेकिन जिस तीव्र गति से वे जनता दरबार लगाकर लोगों की जनसमस्याओं का निवारण कर रहे है, शायद ही पूवज़् में किसी ने ऐसे कार्यक्रम किए हों।

गौरतलब है कि विधायक श्री सिंगला द्वारा गुरुग्राम विधानसभा में प्रत्येक गुरुवार को वार्ड अनुसार जनता दरबार लगाए जा रहे हैं, जिसमें आमजन की छोटी समस्याओं को प्रारंभिक स्तर पर निपटारा करने के साथ-साथ अन्य समस्याओं के लिए भी संबधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उसके निवारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। श्री सिंगला ने कहा कि उनकी विधानसभा में नगर निगम के 16 वार्ड हैं, जिसमें नए गुरुग्राम व पुराने गुरुग्राम में क्रम अनुसार जनता दरबार लगाए जा रहे हैं। विधानसभा के सभी वार्डों में जनता दरबार आयोजित करने में करीब छह महीने का समय लगेगा। एक बार सभी वार्डों का क्रम पूरा होने पर पुन: इसी क्रम में फिर से सभी वार्ड में जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नई समस्याओं की सुनवाई के साथ साथ जनता दरबार में पूर्व में सुनी गई समस्याओं व उसके निवारण की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम विधानसभा के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। यदि कोई नागरिक अन्य दिनों में अपनी फरियाद लेकर आना चाहे तो वे प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच शमा टुरिस्ट कॉम्प्लेक्स के सामने अपने कार्यालय में जन समस्याओं की सुनवाई करते हैं। इस अवसर पर वार्ड-15 की पार्षद सीमा पाहुजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव