मुख्यमंत्री, खेल मंत्री ने लांच किया खेलो इंडिया गेम्स का प्रमोशनल सांग

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional
  3. Haryana

मुख्यमंत्री, खेल मंत्री ने लांच किया खेलो इंडिया गेम्स का प्रमोशनल सांग


मुख्यमंत्री, खेल मंत्री ने लांच किया खेलो इंडिया गेम्स का प्रमोशनल सांग


-खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के पोस्टर का किया विमोचन

-4 से 13 जून तक आयोजित होंगे खेलो इंडिया यूथ गेम 2021

चंडीगढ़, 15 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स का प्रमोशनल सांग देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले युवा खिलाड़ियों में उत्साह और जोश भरने का काम करेगा। इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ वर्ष -2021 की मेजबानी के माध्यम से एक बार फिर पूरी दुनिया को हरियाणा के खिलाड़ियों की ताकत देखने को मिलेगी।

अहम पहलू यह है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रमोशनल सांग के आडियो वर्जन के बाद जल्द ही वीडियो वर्जन को लांच किया जाएगा। इस वर्ष प्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आयोजन 4 से 13 जून 2022 तक किया जाएगा। इनमें अंडर 18 के 25 खेलों में 5 भारतीय खेल भी शामिल हैं और ये खेल पंचकूला के अलावा शाहबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों में देशभर के लगभग 8500 खिलाड़ी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांसद खेल स्पर्धा के उद्घाटन सत्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल, खेल एवं युवा मामले मंत्री सरदार संदीप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा, सांसद नायब सिंह सैनी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण कुमार बेदी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के प्रमोशनल सांग के आडियो वर्जन को लांच कर पोस्टर का विमोचन किया।

इस सांग को हरियाणा और बॉलीवुड के कलाकारों ने मिलकर तैयार किया है और इस गीत को मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फौगाट और नवीन लाम्बा ने लिखा है। इस गीत की लांचिंग के साथ ही गजेन्द्र फौगाट के साथ पहुंची टीम ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। इस प्रमोशनल सांग को खेल मंत्री संदीप सिंह और खेल निदेशक डा. पंकज नैन के आदेशानुसार तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों के आयोजन के लिए युवा अधिकारियों की पूरी टीम लगाई गई है जो हर प्रतिस्पर्धा स्थल की पूरी निगरानी करेंगे ताकि खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े । इन खेलों में स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए साफ सफाई का पूरा प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए सफाई व्यवस्था की पूरी टीम तैनात की जाएगी।

इन खेलों में हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के हीरोज की कहानी तथा प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का परिचय प्रदर्शनी में दर्शाया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/मुकुंद