हिमाचल में पूरा होगा भाजपा का मिशन रिपीट का सपना: विपन कुमार नैहरिया

धर्मशाला, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विपन कुमार नैहरिया ने कहा कि केंद्र्र की मोदी और प्रदेश की जय राम सरकार की जनहितैषी नीतियों से हर वर्ग का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के हर तबके के लिए कई तरह की योजनाएं शुरू की हैं जिनका फायदा आम लोगों को मिल रहा है। प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री जय राम सरकार के कार्य से काफी प्रभावित है जिससे आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार अपने मिशन रिपीट के सपने को पूरा करेगी।
नैहरिया ने कहा कि प्रदेश में सरकार बदलने का रिवाज इस बार नही चलेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार दोबारा सत्तासीन होने वाली है। जय राम सरकार ने दो साल कोरोना महामारी रहने के बावजूद राज्य में विकास के पहिए नही थमने दिए हैं। एक तरफ जहां कोविड महामारी के दौरान आम लोगों को इससे बचाव के लिए कई कदम उठाए वहीं वेक्सीनेशन में भी पूरे देश भर में प्रथम स्थान हासिल किया। दो डोज लगाने के बाद आज भी लोगों को इस महामारी से बचाने के लिए बूस्टर डोज लगाए जा रहे हैं। जय राम सरकार ने महामारी के दौर में आम लोगों का जीवन बचाने के साथ-साथ विकास परियोजनाओं को भी पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जय राम सरकार की नीतियों पर पूरा भरोसा है। खासकर मोदी सरकार द्वारा किसानों को किसान सम्मान योजना के तहत एक साल में दिए जा रहे छह हजार रूपए सहित इस वर्ग के लिए शुरू की गई नीतियों के कारण किसान व बागवान आर्थिक तौर पर काफी समृद्ध हुआ है। इसके अलावा स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत, हिम केयर और उज्जवला जैसी कई योजनाओं का आम लोगों को काफी फायदा हो रहा है। समाज के छोटे वर्ग से लेकर मध्यवर्गीय लोगों को भी सरकार की योजनाओं का फायदा मिल रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश ने पिछले साढ़े चार साल के कार्यकाल में विकास की नई इबारत लिखी है। इस इबारत को लिखने में केंद्र की मोदी सरकार का पूरा सहयोग मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/उज्जवल