तिरंगा यात्रा अभियान से देश की एकता और अखंडता को मिलेगा बल : किशन कपूर

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional
  3. Himachal Pradesh

तिरंगा यात्रा अभियान से देश की एकता और अखंडता को मिलेगा बल : किशन कपूर


तिरंगा यात्रा अभियान से देश की एकता और अखंडता को मिलेगा बल : किशन कपूर


धर्मशाला, 13 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा सांसद किशन कपूर ने कहा कि भारत आजादी के 75 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है तथा इसी दिशा भारत की आजादी का जश्न मनाने और देश के राष्ट्र ध्वज के गौरव में तिरंगा यात्राएं पूरे देश भर में आयोजित की जा रही हैं। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शनिवार को धर्मशाला में आयोजित तिरंगा साईक्लोथाॅन के विजेताओं को सम्मानित करने के अवसर पर सांसद ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं में देश भक्ति का जज्बा पैदा करने के लिए इस तरह के आयोजन काफी सार्थक सिद्ध होंगे तथा देश की एकता और अखंडता को भी बल मिलेगा। विजेताओं को मुख्यातिथि सांसद किशन कपूर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शनिवार को धर्मशाला में आयोजित तिरंगा साईक्लोथाॅन में अतुल कुमार ने पहला, अमनदीप ने दूसरा तथा विश्रुत शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। साईक्लोथाॅन का करीब दस किलोमीटर का रूट साईं खेल परिसर से आरंभ होकर आईटीआई दाड़ी, दाड्नू रोड, कंड, कोतवाली बाजार, चीलगाड़ी रोड वाया परिधि गृह, शहीद स्मारक से वापिस साईं खेल परिसर तक निर्धारित किया गया था।

वहीं इससे पहले समता चैक से तिरंगा साइकिल रैली भी निकाली गई जिसे उपायुक्त डा निपुण जिंदल तथा महापौर ओंकार नैहरिया, नगर निगम के आयुक्त प्रदीप ठाकुर ने हरी झंडी देकर रवाना किया। यह रैली भी शहीद स्मारक से होते हुए साई खेल परिसर तक आयोजित की गई।

इससे पहले उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने कहा कि जिला भर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में तीन लाख 40 हजार ध्वज पंचायत तथा नगर निकायों को उपलब्ध करवाए गए हैं। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त प्रदीप ठाकुर ने कहा कि नगर निगम की ओर से तिरंगा साईक्लोथाॅन का आयोजन किया गया विजेताओं को स्मार्ट सिटी की ओर से पुरस्कार भी वितरित किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/उज्जवल