देश की आजादी के लिए बलिदान देने वालों को कभी नही भूलना चाहिए : किशन कपूर

धर्मशाला, 10 अगस्त (हि.स.)। सांसद किशन कपूर ने कहा कि देश की आजादी का आज हम 75वां जश्न मना रहे हैं लेकिन इस आजादी के लिए देश के कई वीरों ने अपना स्र्वोच्च बलिदान दिया है। हमें उनके बलिदान को कभी नही भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी भारत के हजारों वीर जवानों ने देश की रक्षा करते हुए विभिन्न युद्धों में अपने प्राणों की आहुति दी है। यह क्रम लगातार जारी है। देश की सेना के यह जवान आए दिन सरहदों पर देश की सुरक्षा में शहादत दे रहे हैं।
सांसद किशन कपूर शुक्रवार को अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा निकाली गई तिरंगा रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा की बात करें तो मेजर सोमनाथ शर्मा पहले परमवीर चक्र विजेता हुए। वहीं उसके बाद कारगिल युद्ध में कै. विक्रम बतरा ने अपनी शहादत देकर परमवीर चक्र पाया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का रूतबा पूरे विश्व में बढ़ रहा है। उनकी सोच के कारण ही आज हम 75वें आजादी वर्ष को हर घर तिंरगा के तौर पर मना रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिंरगा फहराने की अपील की।
इससे पूर्व अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों ने तिरंगा रैली निकाली। बोर्ड कार्यालय से कचहरी चैक तक निकाली गई इस तिरंगा रैली में बोर्ड के कर्मचारियों सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/उज्जवल