हिमाचल राजभवन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी सरकार पर निशाना




शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी में बढ़ोतरी और सेना में ठेका प्रथा अग्निपथ के विरोध में विपक्षी दल कांग्रेस ने शुक्रवार को शिमला स्थित हिमाचल राजभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित मोदी सरकार की नीतियों व निर्णयों ने देश को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की एक बड़ी साजिश कर रही है। भाजपा की इन हरकतों से कांग्रेस घबराने वाली नही और एकजुटता के साथ इसका मुकाबला करेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिये कांग्रेस नेताओं पर झूठे और आधारहीन आरोप लगा कर जांच एजेंसियों पर दबाव बना कर उनके नेताओं को बदनाम करने की साजिश रच रही है,जिसमें वह कभी सफल नही होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की इस तानाशाही के खिलाफ हर स्तर पर लड़ेगी और वह इससे घबराने वाली नही।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि आज का हलाबोल कार्यक्रम केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ एक जन प्रदर्शन है। कांग्रेस का यह हलाबोल आज पूरे देश में बढ़ती महंगाई,बेरोजगारी व अग्निपथ के विरोध में है और यह तब तक जारी रहेगा जबतक की सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से लोगों को कोई राहत नही देती। उन्होंने कहा कि देश की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी को बदनाम करने की पुरजोर कोशिश कर रही है जिसे कांग्रेस सहन नही करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील