परमवीर चक्र कैप्टन भाना सिंह के घर से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional
  3. Jammu & Kashmir

परमवीर चक्र कैप्टन भाना सिंह के घर से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत


परमवीर चक्र कैप्टन भाना सिंह के घर से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत


जम्मू, 3 अगस्त (हि.स.) । जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने परमवीर चक्र कैप्टन भाना सिंह के आरएस पुरा में उनके घर की छत पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। रैना ने सियाचिन ग्लेशियर में असाधारण बहादुरी के लिए परमवीर चक्र से सम्मानित वयोवृद्ध सैन्य अधिकारी के घर में तिरंगा फहराया।

उनके साथ पूर्व मंत्री शाम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष एच.एस. पम्मी, प्रभारी अयोध्या गुप्ता, नगर समिति चेयरमेन सतपाल पप्पी, पूर्व विधायक एवं डीडीसी सदस्य प्रो. घारू राम भगत, वरिष्ठ नेता अधिवक्ता. देवराज शर्मा व अन्य मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए रैना ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव में मनाए जा रहे 75वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सभी भारतीयों के लिए अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भारत आजादी के 75वें वर्ष को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में भव्य तरीके से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आगे कहा कि इस साल 15 अगस्त को भारत आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाएगा और हमारे पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी भारतीयों से इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय त्योहार को भव्य तरीके से मनाने की अपील की है।

रैना ने कहा कि हमने एक वयोवृद्ध सैनिक के घर से हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है, जिन्हे परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। इस मौके पर रैना ने सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य तरीके से मनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान