आरटीओ कठुआ के वाहन को मारी टक्कर, आरटीओ सहित दो घायल

सांबा, 4 अगस्त (हि.स.)। जम्मू पठानकोट राजमार्ग पर सांबा के माहेश्वर क्षेत्र में आरटीओ कठुआ के सरकारी वाहन बोलेरो की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। परिणामस्वरूप आरटीओ लखनपुर सुनील कुमार के अलावा सरकारी वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सांबा के अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां डाक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार किस वाहन ने सरकारी वाहन को टक्कर मारी है इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरटीओ कठुआ जम्मू की ओर जा रहे थे कि सांबा के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। जिसके चलते आरटीओ खुद और उनका चालक घायल हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार/अमनदीप/बलवान