जतवाल में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने निकाली पैदल तिरंगा यात्रा

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional
  3. Jammu & Kashmir

जतवाल में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने निकाली पैदल तिरंगा यात्रा


जतवाल में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने निकाली पैदल तिरंगा यात्रा


कठुआ, 9 अगस्त (हि.स.)। आजादी के अमृत महोत्सव के चलते केंद्र सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने जतवाल में पैदल तिरंगा यात्रा का आयोजन कर लोगों को घर घर जाकर देश के 75 वें स्वतंत्रता दिवस को अपने तरीके से मनाने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा पार्टी के घगवाल ब्लॉक अध्यक्ष राज खजूरिया के नेतृत्व में जतवाल मेन चौक से शुरू हुई तथा जतवाल गांव का चक्कर लगाते हुए वापस जतवाल चौक में समाप्त हुई।

वक्ताओं ने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि तिरंगा बेचा जा रहा है। वर्तमान केंद्र सरकार तिरंगे को 20-30 रुपये में बेच रही है उससे देश के उन वीर शहीदों की आत्मा आहत हुई होगी जिन्होंने इस तिरंगे की आन बान और शान को बनाए रखने के लिए अपने आप को कुर्बान कर दिया।

खजूरिया ने कहा की तिरंगा बिकने से कुछ शरारती तत्व इसका नाजायज लाभ भी ले सकते हैं जिससे तिरंगे का अपमान होगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे आजादी का महापर्व बेहतर तरीके से मनाएं। इस मौके पर संजीव शर्मा, दीवान खजुरिया, सरपंच जगराम शर्मा, नायब सरपंच किशोर कुमार, पंच नेहरू लाल, लालचंद, महेश कुमार, यूनस चौधरी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/अमनदीप/बलवान