झारखंड को अकालग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर भाजपा का विधानसभा के सामने प्रदर्शन
विधानसभा के बाहर नीरा यादव ने माथे पर टोकरी लेकर विरोध प्रदर्शन
भाजपा का आरोप- सत्तारूढ़ दल और कांग्रेस ने तीनों विधायक को फंसाया
रांची, 1 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को विपक्ष के तेवर तल्ख रहे। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में हंगामा शुरू हो गया। विधानसभा के मुख्य द्वार पर भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा के यह विधायक झारखंड को अकालग्रस्त क्षेत्र घोषित करने तथा कांग्रेस के तीनों विधायकों को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान भाजपा विधायक नीरा यादव ने सिर पर टोकरी रख प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भाजपा ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे पर बड़ा निशाना साधा है। भाजपा विधायकों का आरोप है कि कांग्रेस के तीनों विधायक डॉ. इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप को फंसाने के पीछे सीधे-सीधे कांग्रेस आलाकमान और सत्तारूढ़ गंठबंधन की हेमंत सरकार का हाथ है। भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने कहा है कि कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे इस पूरे कांड के कर्ताधर्ता है। वे हर सप्ताह झारखंड आते हैं और झारखंड से अवैध वसूली कर वापस लौट जाते हैं। ऐसे में भाजपा की मांग है कि अविनाश पांडे के संपत्ति के भी जांच कराया जाये। उन्होंने कहा है कि उनकी मांग है कि मामले की जांच सीआईडी से नहीं बल्कि ईडी और एनआईए से भी कराई जानी चाहिए। बिरंची नारायण ने कहा कि जहां तक कांग्रेस के तीनों विधायक से बंगाल में एक बड़ी राशि मिलने की बात है तो यह राशि किसी और की नहीं, बल्कि झारखंड में हेमंत सरकार के नेतृत्व में खनिज संसाधनों की लूट मची है, यह पैसा उसी का हिस्सा है। इस दौरान भाजपा विधायक ने हेमंत सरकार से मांग की है कि जिस तरह राज्य में मानसून की स्थिति बनी है, उसे देखते हुए तत्काल झारखंड को आकाल क्षेत्र घोषित किया जाए। विधायक ने कहा कि हेमंत सरकार को सदन के अंदर और बाहर मजबूर करेंगे, कि राज्य की जनता और किसानों के हित में तत्काल झारखंड का क्षेत्र घोषित करें। झारखंड के वकील राजीव कुमार को पश्चिम बंगाल में गिरफ्तारी पर विधायक ने कहा है कि सरकार के खिलाफ जो भी कुछ बोलता है, उसके साथ ऐसा ही व्यवहार हेमंत सरकार करती है। भाजपा विधायक नीरा यादव ने कहा कि पूरे राज्य में अकाल की स्थिति है और सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है। विरोध में नीरा यादव ने भाजपा विधायकों के बीच धुस्का बर्रा वितरित किया।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी के तीन विधायक डॉ इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप को करीब 48 लाख रुपये के साथ पश्चिम बंगाल की हावड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन विधायकों पर सरकार को अस्थिर करने का आरोप लग रहा है। इस गिरफ्तारी के बाद से ही प्रदेश का सियासी माहौल गरम है। कांग्रेस पार्टी की ओर से रांची अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ वंदना