Vastu Tips: आप भी घर में करते हैं ऐसी झाड़ू का इस्तेमाल तो कभी भी आ जाएगी मुसीबत

वास्तु शास्त्र में आज आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए झाड़ू से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण चीजों के बारे में। अगर आप झाड़ू टूट जाने के बाद भी उसे जोड़-तोड़ के अपने घर या ऑफिस में इस्तेमाल में ले रहे हैं तो वास्तु की दृष्टि से यह बिल्कुल गलत है। झाड़ू टूट जाने के तुरंत बाद ही उसे बदल देना चाहिए। टूटी हुई झाडू से घर की सफाई करना कई तरह की परेशानियों को बुलावा देने वाला होता है।
ना करें झाड़ू से जुड़ी ये गलतियां
झाड़ू को लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। इसलिए गलती से भी कभी झाड़ू को पैर न लगाएं। यह लक्ष्मी माता का अपमान माना जाता है और इससे घर में कई तरह की आर्थिक परेशानियां भी आ सकती हैं।
इसके अलावा जिस अलमारी या तिजोरी में आप पैसा या अन्य कीमती सामान रखते हैं, उसके पीछे या सटाकर कभी भी झाड़ू नहीं रखनी चाहिए। इससे खर्चे में बढ़ोतरी होती है।
सूर्यास्त के बाद आप जब भी झाडू लगाएं तो उस कूड़े या मिट्टी को घर के बाहर न फेंके, कहीं एक जगह पर कूड़ेदान में ही रख दें और सुबह होने पर बाहर फेंक दें। माना जाता है कि शाम के समय मिट्टी घर के बाहर फेंकने से लक्ष्मी घर से बाहर चली जाती है और अलक्ष्मी घर में प्रवेश कर जाती है।
वास्तु शास्त्र में घर में झाडू लगाने के लिए दिन के पहले चार पहर को उचित समय माना गया है। जबकि रात के चार पहर को इस काम के लिए अनुचित माना गया है। रात के चार पहरों में झाडू लगाने से घर में दरिद्रता अपने पैर पसारती है और धन की देवी लक्ष्मी रूष्ठ हो जाती है। जिससे घर में धन की आवक पर प्रभाव पड़ता है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार, झाड़ू को कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा में नहीं रखना चाहिए। झाड़ू को घर में हमेशा दक्षिण दिशा या फिर पश्चिम-दक्षिण दिशा में रखना शुभ माना जाता है।