भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का नवान्न अभियान सात सितंबर को

कोलकाता, 12 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में एक के बाद एक सत्ता पक्ष तृणमूल कांग्रेस के आला नेताओं को केंद्रीय जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर रही है। बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के बाद सीबीआई ने गुरुवार को अणुव्रत मंडल को गिरफ्तार किया। ऐसे में भाजपा तृणमूल कांग्रेस पर और अधिक दबाव बढ़ाने की तैयारी में है। भाजपा ने सात सितंबर को नवान्न अभियान का आवाहन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को तृणमूल के बीरभूम जिलाध्यक्ष अणुव्रत मंडल को गौ तस्करी मामले की जांच में सहयोग न करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसका जिक्र करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कल गायों का स्वतंत्रता दिवस था। आजकल एक शब्द बार-बार सुना जाता है, चोर-चोर-चोर। ऐसे में तृणमूल नेता बाजार तक नहीं जा रहे हैं, क्योंकि घर से बाहर निकलते हैं उन्हें चोर चोर सुनने को मिलता है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद भाजपा को हाल के दिनों में किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरते नहीं देखा गया है। अलग-अलग जिलों में छिटपुट धरना प्रदर्शन हो रहा है। राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि इस बार बंगाल में भाजपा शक्ति प्रदर्शन करने का मौका नहीं गंवाना चाहती है। इसलिए सात सितंबर को नवान्न अभियान का आह्वान किया गया है। इससे पहले हर जिले में नवान्न अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार /भानुप्रिया /गंगा