गैस लीकेज से लोगों की बिगड़ी तबीयत, इलाके में दहशत

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Regional
  3. West Bengal

गैस लीकेज से लोगों की बिगड़ी तबीयत, इलाके में दहशत


गैस लीकेज से लोगों की बिगड़ी तबीयत, इलाके में दहशत


बशीरहाट, 12 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक बार फिर गैस लीकेज की खबर सामने आई है। घटना बशीरहाट के मटिया थाना क्षेत्र के शिकारा-कुलिंगग्राम ग्राम पंचायत के गोपालपुर चौराहे पर हुई है। गैस लीकेज की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार सुबह के नौ बज रहे थे। जब स्थानीय निवासियों को सांस लेने में दिक्कत, आंख में जलन और चक्कर आने लगे। असल घटना क्या है, इसे समझने में उन्हें थोड़ा वक्त लग गया। बाद में पता चला कि फैक्ट्री से अमोनिया गैस निकल रही है। दरअसल इस क्षेत्र में एक खाद्य प्रसंस्करण कारखाना है। कहा जाता है कि वहां मांस का प्रसंस्करण होता है। शुक्रवार को उस फैक्ट्री से गैस निकल रही थी। कोई बड़ा खतरा न होने पर भी बहुत से लोग असहज महसूस करने लगे थे। सूचना पाकर पुलिस, दमकल व स्वास्थ्य कर्मी मौके पर पहुंचे। बाद में एनडीआरएफ की एक टीम भी उस फैक्ट्री में गई।

पुलिस के मुताबिक अमोनिया गैस का इस्तेमाल मुख्य रूप से बर्फ बनाने में किया जाता है। उस गैस प्लांट का एक वॉल्व क्षतिग्रस्त हो गया था। नतीजतन, गैस लिक होने लगी। जहां से गैस लिक हो रही थी, वहां पानी उपलब्ध कराया गया। बाद में उस वॉल्व को खोला गया और स्थिति नियंत्रण में आ गई। इस मामले में पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया है। पांच प्रतिशत अमोनिया गैस हवा में रिस रही थी। जिसकी वजह से यह स्थिति बनी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हिन्दुस्थान समाचार /भानुप्रिया /गंगा