पूजा से पहले हो सकता है संतरागाछी फ्लाईओवर का जीर्णोद्धार

हावड़ा, 12 अगस्त (हि.स.)। संतरागाछी फ्लाईओवर से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। नतीजतन, फ्लाईओवर के कमजोर होने का खतरा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी विभाग फ्लाईओवर की मरम्मत का काम जल्द शुरू करने जा रही है। पूजा से पहले मरम्मत का काम शुरू होने की संभावना है। पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर शुक्रवार को फ्लाईओवर की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इस मौके पर हावड़ा सिटी पुलिस के यातायात अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता में टाला ब्रिज के खुलने के बाद ही संतरागाछी फ्लाईओवर की मरम्मत का काम शुरू होगा। ऐसे में और अधिक नुकसान ना हो इसके लिए फ्लाईओवर की एक लेन को बंद रखा जा सकता है। इस दौरान केवल छोटी गाड़ियों और बाइक को ही यातायात करने की अनुमति होगी। इसके अलावा मरम्मत के काम के दौरान संतरागाछी फ्लाईओवर में जो 13 जॉइंट हैं, उन्हें बदल दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पहले संतरागाछी फ्लाईओवर के बगल में एक और फ्लाईओवर बनाने के बारे में सोचा गया था। चूंकि बाली ब्रिज के बगल में निवेदिता ब्रिज बनाया गया है, इसलिए एक समानांतर ब्रिज बनाने पर विचार किया जा रहा था। लेकिन इसमें एक समस्या है। यानी जगह की कमी। संतरागाछी फ्लाईओवर के बगल में एक और समानांतर फ्लाईओवर बनाने के लिए कोई जगह नहीं है। इसलिए इस मामले में अन्य विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। एक विकल्प एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाए जाने का भी है। यानी संतरागाछी फ्लाईओवर के ऊपर नया फ्लाईओवर बनाया जा सकता है। जैसे कि डबल डेकर ब्रिज होता है। संतरागाछी फ्लाईओवर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने से यात्रियों को काफी लाभ होगा। हालांकि, पूजा से पहले इस काम के दौरान अगर कोई लेन बंद कर दी जाती है, तो यात्रियों को कुछ मामलों में परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है। हिन्दुस्थान समाचार /भानुप्रिया /गंगा