दिव्यांगों के जीवन में खुशियों के रंग भर रही दृष्टि - आर0 के0 सिंह पटेल

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttar Pradesh

दिव्यांगों के जीवन में खुशियों के रंग भर रही दृष्टि - आर0 के0 सिंह पटेल


दिव्यांगों के जीवन में खुशियों के रंग भर रही दृष्टि - आर0 के0 सिंह पटेल


- सामाजिक संस्था दृष्टि में 17वें दिव्यांग जन विवाह सम्मेलन का हुआ आयोजन

चित्रकूट, 23 जून (हि.स.)। नगर की सामाजिक संस्था दृष्टि में गुरूवार को 17वें दिव्यांग जन विवाह सम्मेलन 2022 का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें 5 दृष्टिबाधित जोड़ों ने वैवाहिक जीवन के सात फेरे लिए।इस मौके पर सांसद आर0 के0 सिंह पटेल ने कहा कि दृष्टि संस्था द्वारा दिव्यांगों के जीवन में खुशियां भरने का किया जा रहा कार्य सराहनीय है। उन्हाेंने नवदम्पतियों को सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम का उद्घाटन बांदा-चित्रकूट सांसद आर0 के0 सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, समाजसेवी पंकज अग्रवाल एवं संस्था के उपाध्यक्ष मुम्बई के गोविन्द सराफ ने संयुक्त रूप से भगवती गायत्री मां की पूजा अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर संस्था के महासचिव शंकर लाल गुप्ता ने सभी लोगो का स्वागत करते हुए बताया कि दृष्टिबाधित युवा/युवतियों का विवाह परिवार के लिए बहुत बड़ी चुनौती है। जिसको बड़ी मुश्किल से ही परिवार के लोग निभा पाते है। बाकी को केवल अकेले ही गुजारा करना पडता है। दृष्टि संस्था द्वारा ऐसे ही परिवारों की चिन्ताओं को कम करने के लिए एक प्लेटफार्म बनाया है, जहां सभी लोग अपने विवाह के लिए योग्य वर-वधु के चुनाव के लिए आते है। घरों में रहकर एक दृष्टिबाधित व्यक्ति के वैवाहिक जीवन के बारे निर्णय लेना बेहद कठिन कार्य है। आज के सम्मेलन में चित्रकूट के अखिलेश का विवाह कौशाम्बी की राधा के साथ, जबलपुर की खुशबू का विवाह राजगढ़ के बालकृष्ण के साथ, अनीता गाजीपुर का नन्दू हमीरपुर के साथ, प्रतापगढ़ की सुमन का झांसी के सुरेश के साथ और प्रतापगढ़ की ही रीता का दिल्ली के नीतीश के साथ विवाह सम्मपन्न हो रहा है। सभी जोड़ों पूरी तरह से आत्मनिर्भर है तथा अपने परिवार के पालन का भार वहन करने में सक्षम है। सभी जोड़ों के विवाह गायत्री पद्धति द्वारा गायत्री परिवार के श्रवण गुप्ता की देखरेख में बी0डी0 यादव ने विधिवत सम्मन्न कराए। दोपहर दो बजे तक वैवाहिक रीति-रिवाजों की धूम रही। वहीं, शाम के सत्र में आशीष संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें संस्था की तरफ सभी नवविवाहित जोड़ों को घरेलु प्रयोग के सामान उपहार के रूप में प्रदान किए गए। विवाह कार्यक्रम में संस्था गोविन्द सराफ, पंकज अग्रवाल, डॉ0 सुधीर अग्रवाल आदि लोगों ने सराहनीय योगदान दिया।

इसके बांदा-हमीरपुर के विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर, जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकार राजबहादुर सिंह ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर अपना आशीर्वाद दिया। संस्था की ओर से पी0 डी0 गुप्ता, बलबीर सिंह, जयश्री जोग, सुषमा सिंह, वर्षा गुप्ता, शिक्षक संतोष सिंह, पंकज दुबे, बसंत लाल, बृजेश, रघुनाथ, रमा शुक्ला, ममता, कुसुम, ऊर्मिला, अनीता आदि लोगो अपना सहयोग देकर विवाह से विदाई तक की रस्मों को सम्मन्न कराया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रतन