मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छा शक्ति से प्रदेश बना क्षमतावान, गुंडे-बदमाश और माफिया बिलो में बैठे : ब्रजेश पाठक

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttar Pradesh

मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छा शक्ति से प्रदेश बना क्षमतावान, गुंडे-बदमाश और माफिया बिलो में बैठे : ब्रजेश पाठक


मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छा शक्ति से प्रदेश बना क्षमतावान, गुंडे-बदमाश और माफिया बिलो में बैठे : ब्रजेश पाठक


- डिप्टी सीएम ने मेधावियों को मेडल व उपाधि की वितरित, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण

मथुरा, 14 मई(हि.स.)। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार दोपहर मथुरा पहुंचे जहां उन्होंने छाता स्थित निजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करते हुए मेधावियों को मेडल व उपाधि वितरित की। वहीं, उन्होंने शनिवार शाम फरह के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया तथा एक भी मरीज भर्ती न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल धाम फरह स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के वार्षिकोत्सव में शिरकत की है।

शनिवार दोपहर आगरा से कार द्वारा छाता स्थित विश्वविद्यालय पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उपाधि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आप बहुत सौभाग्यशाली हैं जो आपने इस पावन भूमि में विद्याध्ययन कर डिग्री हासिल की। अभी तक आप माता-पिता के सहारे थे, लेकिन अब आप स्वयं क्षमतावान हो चुके हैं। आपको प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को साकार करने के लिए अपनी क्षमताओं को दिखाना है और देश को आगे ले जाना है। असली भारत के निर्माण में आपका बड़ा योगदान होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उप्र की पहले क्या स्थिति थी आप सब जानते हैं। बिगड़ी हुई कानून और माफियाराज था। चारों तरफ अवैध कब्जे हो रहे थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति के चलते इसको क्षमतावान प्रदेश बना दिया। आज गुंडे, बदमाश और माफिया अपने बिलों में दुबके बैठे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि किसान का बेटा होने के नाते आपकी हर तरह की परेशानियों को जानता हूं इसलिए आप सबसे वादा करता हूं कि आपकी हर परेशानी में मैं आपके साथ हूं। आप मुझसे कभी भी मिल सकते हैं। आज नौकरियां आप सबके लिए हैं, पहले जैसी स्थिति नहीं जब नौकरियां जाति विशेष के लिए ही होती थीं। आप प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लीजिए आपको आपके ज्ञान के अनुरूप परिणाम हासिल होगा। आप कभी घबराएं नहीं हर परिस्थिति में ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार आपके साथ खड़ी मिलेगी।

डिप्टी सीएम ने किया फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार को अचानक फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। यहां उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का का निरीक्षण किया। एक भी मरीज यहां भर्ती न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मरीज रेफर क्यों किए जा रहे हैं, यहां मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जाए। उन्होंने महिला वार्ड में भी मरीज भर्ती न होने पर नाराजगी जताई। इस दौरान डिप्टी सीएम ने परिसर में लगी पानी की टंकी का पानी चेक किया। पानी गर्म होने के कारण नाराजगी जताई।

कहा कि मरीज और उनके तीमारदार इस गर्मी में क्या गर्म पानी पिएंगे। उन्होंने अस्पताल में लगा आरओ भी देखा। इस दौरान बलदेव विधायक पूरन प्रकाश ने प्रार्थना पत्र देकर फरह और बलदेव में सौ-सौ बेड के अस्पताल की मांग की। इस पर डिप्टी सीएम ने सीएमओ डा. एके वर्मा को निर्देश दिए कि इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए। डीएम नवनीत सिंह चहल को भी बराबर अस्पतालों के निरीक्षण के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश