उप्र में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट, इलाज के लिए भटक रही जनता : अखिलेश यादव

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttar Pradesh

उप्र में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट, इलाज के लिए भटक रही जनता : अखिलेश यादव

akhilesh


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के (सपा) राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि उप्र में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हैं। जनता स्वास्थ्य विभाग की अव्यवस्थाओं की लगातार शिकार हो रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह आलम तब है जब मुख्यमंत्री ताबड़तोड़ आदेश-निर्देश दे रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री के बार-बार शर्मिंदा होने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहे हैं। ऐसी दुर्व्यवस्था पहले कभी नहीं देखी गई।

अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज के राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपमुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान पिता को पीठ पर ले जाकर इलाज के लिए बेटा भटकता रहा। सिद्धार्थनगर के जिला अस्पताल में मरीज को स्ट्रेचर ही नहीं मिल सका। गर्भवती महिलाएं वार्ड तक लगभग 100 मीटर पैदल चलने के लिए मजबूर हैं। भाजपा राज में हालत यह है कि गोण्डा के जिला अस्पताल में जीतेजी बीमार को स्ट्रेचर नहीं मिला। बुजुर्ग की जान गई, बेटे की गोद में दम तोड़ा फिर मृत्यु के बाद शव वाहन भी नहीं मिल सका।

उन्होंने कहा कि सस्ता और गुणवत्तापूर्ण इलाज का सपना उत्तर प्रदेश में सपना ही रह गया है। सरकारी अस्पतालों में बेड-वेंटिलेटर का खेल चल रहा है। मरीज हलकान होकर इधर से उधर भटकते रहते हैं। भाजपा सरकार की संवेदना जागती नहीं है। गरीब सड़क पर मरने को विवश है। मुख्यमंत्री के सभी दावे थोथे और खोखले नजर आ रहे हैं।