झमाझम बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, बारिश से चहुंओर जलभराव, भीषण जाम

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttar Pradesh

झमाझम बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, बारिश से चहुंओर जलभराव, भीषण जाम


झमाझम बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, बारिश से चहुंओर जलभराव, भीषण जाम


झमाझम बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, बारिश से चहुंओर जलभराव, भीषण जाम


वाराणसी, 23 जून (हि.स.)। धर्म नगरी काशी में बुधवार अपरान्ह मानसून ने दस्तक दे दी। मानसून की पहली झमाझम बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाया। वहीं, शहरी लोग जगह-जगह सड़कों और गलियों में बारिश के पानी के जलभराव के चलते भीषण जाम से जूझते रहे। चौकाघाट कैंट मार्ग, चौकाघाट कचहरी, नदेसर मार्ग, पांडेयपुर, नई सड़क, गोदौलिया आदि इलाकों में लोग बारिश में भींगते हुए जाम में फंसे रहे। चौकाघाट ओवरब्रिज का ढलान मार्ग पर भी जलभराव से दूर से आने वाले वाहन चालक परेशान रहे। बारिश ने नगर निगम के सफाई व्यवस्था की पोल भी खोल दी। वरुणा पार में लालपुर-पांडेयपुर थाने में सीवर का पानी घुसने से पुलिसकर्मियों को परेशानी उठानी पड़ी। बरसात के बाद अंधरापुल के नीचे घुटने बराबर पानी लगने से दोपहिया वाहन चालक बेहाल रहे।

उधर, झमाझम बारिश में बच्चों और युवकों ने देर तक भींग कर मस्ती की। गंगाघाटों पर भी लोग बारिश में भींगते हुए चहल कदमी करते रहे। माना जा रहा है कि दक्षिण तट से चलकर मानसून पूर्वांचल में सोनभद्र के रास्ते प्रवेश कर गया। बारिश से तापमान भी लगभग तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। इसके पहले लोग दोपहर दो बजे तक धूप और उमस से जूझते रहे। अपरान्ह बाद आसमान में बादलों के साथ वातावरण में उमस के कारण लोग बारिश का अनुमान लगा रहे थे। अपरान्ह में ठंडी हवा के झोकों के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। मानसून की पहली बारिश खरीफ की खेती (धान) के लिए भी लाभदायक मानी जा रही है। ग्रामीण अंचल में बारिश से किसान काफी खुश दिखे। लोग धान का बेहन डालने की तैयारी करते रहें। वहीं अगैती खेती करने वाले धान की रोपाई की व्यवस्था में जुट गये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर