भाजपा स्थापना वर्ष से ही राष्ट्रीयता के लिए काम कर रही है: दुष्यंत गौतम

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttrakhand

भाजपा स्थापना वर्ष से ही राष्ट्रीयता के लिए काम कर रही है: दुष्यंत गौतम

pic


देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा अपने स्थापना वर्ष से ही राष्ट्रीयता के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस ने अपना प्रधानमंत्री बनाने के लिए देश के दो टुकड़े कर दिए।

शनिवार को औरोवेली आश्रम ऋषिद्वार रायवाला में भाजयुमो के तीन दिवसीय सत्र के दूसरे दिन प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के 8 वर्षों के कार्यकाल को स्वर्णिम युग बताते हुए कहा कि इस दौरान पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। कार्यकर्ता निर्माण में कोई कमी न रहे, इसलिए प्रशिक्षण किया जाता है। आप लोग यहां सीखने के लिए आए हैं। इसलिए प्रशिक्षण से सीखकर जाए। तभी आप एक अच्छे राजनेता बनेंगे।

प्रभारी गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने अपना प्रधानमंत्री बनाने के लिए देश के दो टुकड़े कर दिए। जवाहरलाल नेहरू की गलत नीतियों के कारण कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगा। देश में दो निशान हो गए और इन्ही गलत नीतियों को लेकर राष्ट्रवादी लोगों ने अपना नया संगठन जनसंघ बनाया।

कांग्रेस ने सत्ता मोह में रातोंरात आपातकाल लगा दिया था। इस दौरान हर भारतीय के संवैधानिक अधिकारों को छीन लिया गया। कांग्रेस ने निर्दयिता में विदेशी शासन को भी पीछे छोड़ दिया था। आपातकाल स्वतंत्र भारत के इतिहास में एक काला दौर है, जो इंदिरा ग़ांधी की देन थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कर्ज को आज नरेंद्र मोदी की सरकार उतारकर राष्ट्रहित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसंघ हो या फिर भाजपा अपने स्थापना वर्ष से ही भारत बोध की चेतना के साथ कार्य प्रारंभ किया। आज भाजपा का विश्व में सबसे बड़ा संगठन है।

उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरित होकर हर भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र के पुनर्निर्माण में अपना योगदान दे रहा है। देश में भाजपा ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो वंशवाद के खिलाफ रही है।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय ने कहा कि हम ऐसी विचार धारा से जुड़े हैं जो राष्ट्रीय है। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन सुबह प्रशिक्षणार्थियों ने योग कर आश्रम में 150 पौधे का रोपण किया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह ने कहा कि हमें इतिहास भी गलत पढ़ाया गया है। अब मोदी सरकार नई शिक्षा नीति लाई है जिसमें देश को सही इतिहास पढ़ने को मिलेगा। हमें अपने व्यवहार से ही नेता बनना है।

द्वितीय सत्र को प्रदेश महामंत्री (भाजपा) सुरेश भट्ट ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारा विचार राष्ट्रवाद है। भारत माता की जय हमारी राष्ट्रीयता का आधार है। भारत माता की जय कोई नारा नहीं, यह अनादिकाल से है। 5000 वर्षों से हम भारत माता की जय बोलते हैं।

तृतीय सत्र में कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि सभी मोर्चों में एक ही मोर्चा है वो है युवा मोर्चा। जो सबसे ज्यादा काम करता है। भाजपा सरकार युवाओं के हित को ध्यान में रखकर नई शिक्षा नीति लाई है। देश में शिक्षा नीति में बदलाव हुए मगर कभी भी ऐसी शिक्षा नीति आई जिसकी जड़े संस्कृति से जुड़ी हो। साल 2020 में मोदी के नेतृत्व में एक ऐसी शिक्षा नीति आई जो भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी है, जिससे हमें देश की युवा पीढ़ी को अपने देश की जड़ों से जुड़ने का काम होगा और बच्चे को चॉइस बेस शिक्षा मिलेगी।