बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttrakhand

बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात

bangladesh


देहरादून। बांग्लादेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी सोनिका से जिला कलेक्ट्रेट में मुलाकात कर अनौपचारिक संवाद किया।

बांग्लादेश के प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने जिलाधिकारी से भारत में जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के कार्य, भूमिका और कार्यशैली पर विभिन्न प्रश्न पूछे। बांग्लादेशी प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी की जिलाधिकारी के रूप में भूमिका अत्यंत चुनौतीपूर्ण, समन्वयकारी तथा विविधतापूर्ण है।

जनपद देहरादून के जिलाधिकारी के रूप में अपने अनुभवों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में भूमि संबंधित रिकॉर्ड्स का डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन व पुलिस विभाग के प्रभावी समन्वय एवं सहयोगात्मक कार्यशैली पर बल दिया जा रहा है। जन शिकायतों के निवारण के लिए स्वयं जिलाधिकारी की ओर से प्रत्येक सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में 11 से 1 बजे तक जनता की शिकायतें सुनी जाती हैं और उनका मौके पर ही समाधान का प्रयास किया जाता है। बैठक में अधिकारियों को देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सभी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया।

बांग्लादेश से आए अधिकारियों का देहरादून स्मार्ट सिटी की परियोजना स्मार्ट स्कूल में एक एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। जिसमें स्मार्ट सिटी के अधिकारियों की ओर से बांग्लादेश से आये सिविल अधिकारियों को स्मार्ट स्कूल की कार्यप्रणाली को साझा किया गया।

जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि इस प्रकार की विजिट देशों के मध्य सौहार्द का भाव बढ़ाने के साथ ही सूचनाओं का आदान-प्रादान कराता है।