महंगाई, बेरोजगारी व जीएसटी के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस का राजभवन मार्च, कई कांग्रेस नेता गिरफ्तार

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttrakhand

महंगाई, बेरोजगारी व जीएसटी के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस का राजभवन मार्च, कई कांग्रेस नेता गिरफ्तार

pic


देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने जीएसटी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के विरोध में शुक्रवार को देहरादून में भी प्रदर्शन किया। राजभवन की ओर जा रहे प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पुलिस ने राजभवन जाने से पहले ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से जुलूस के शक्ल में राजभवन के लिए मार्च शुरू किया। पहले से हाथीबड़कला के पास मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बेरिकेडिंग लगाकर आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस कर्मियों के बीच आगे बढ़ने के लिए नोकझोंक भी हुई। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई।

इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार देशभर में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी और सीबीआई का डर दिखा रही है। देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार ने खाने पीने की चीजों पर भी जीएसटी लगाई है, जिससे गरीब लोगों को जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतर कर राजभवन के लिए मार्च किया। सत्ता के नशे में मदहोश राज्य सरकार कांग्रेस की आवाज को कुचलना चाहती है। कांग्रेस इन धमकियों से डरने वाली नहीं है बल्कि और मजबूती के साथ आमजन की लड़ाई लड़ने के सड़कों पर उतरेगी।

मार्च के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापडी, विधायक राजेन्द्र भण्डारी, आदेश चौकस चौहान, विक्रम सिंह नेगी, फुरकान अहमद, गोपाल राणा, रवि बहादुर, विरेन्द्र जाति, पूर्व मंत्री नवप्रभात, दिनेश अग्रवाल, मनोज रावत, राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन संगठन मथुरादत्त जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, मीडिया प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना आदि मौजूद रहे।