जाम के झाम से लोग हलकान, एक किमी का सफर घंटे भर में

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttrakhand

जाम के झाम से लोग हलकान, एक किमी का सफर घंटे भर में




हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। उत्तराखंड चार धाम यात्रा में इंतजामों को लेकर सरकार ने जो दावे किए थे, वो सभी फेल होते नजर आ रहे हैं। वीकेंड पर हरिद्वार में सैलानियों की भीड़ बढ़ने से पुलिस और प्रशासन की ट्रैफिक को लेकर बनाई गई सारी व्यवस्था धरी की धरी रह गई। रविवार सुबह हरिद्वार में मुख्य बाजारों से लेकर हाईवे तक पर लंबा जाम दिखाई दिया। जाम की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि एक किमी को सफर पूरा करने में सैलानियों को घंटों का समय लग रहा है।

चार धाम यात्रा शुरू होने के बाद से ही हरिद्वार में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। रविवार को तो हालात काबू से बाहर हो गए। रविवार को हरिद्वार में हाईवे पर जिस तरह से जाम लगा हुआ था, उसने पुलिस-प्रशासन को परेशान कर दिया। रविवार तड़के से ही बड़ी संख्या में सैलानी वाहनों से हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गए थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया हाईवे पर भयंकर जाम लगाना शुरू हो गया।

हाईवे पर जाम की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहन सड़क पर रेंग-रेंगकर चल रहे हैं। सड़कों पर दोनों साइड वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। जाम की सबसे ज्यादा खराब स्थिति कनखल के सिंहद्वार चौराहे और शंकराचार्य चौक तक थी। इसके बाद चंडी घाट और फिर आरटीओ की तरफ से लंबा जाम लगा रहा। एक किमी का सफर तय करने में सैलानियों को घंटा भर लग रहा है। हाईवे के साथ-साथ शहर की सड़कों पर भी जाम का यही हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत