जातियों की दीवाराें को तोड़कर राष्ट्रहित में एक होने की जरूरतः साध्वी प्राची

डंके की चोट पर 'सिर्फ सच'

  1. Home
  2. Uttrakhand

जातियों की दीवाराें को तोड़कर राष्ट्रहित में एक होने की जरूरतः साध्वी प्राची




हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। फायर ब्रांड हिन्दू जागरण मंच की नेत्री साध्वी प्राची ने कहा कि इस समय जातियों, वर्गों की दीवारों को तोड़कर राष्ट्रहित में संगठित होकर देश को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमें अपनी रक्षा खुद करनी पड़ेगी।

साध्वी प्राची रविवार को निष्काम सेवा ट्रस्ट में अखण्ड भारत शक्ति पीठ ट्रस्ट की ओर से आयोजित सम्मान समारोह को विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हिन्दू, हिन्दी, हिन्दुस्तान के लिए लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान तेजी से हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। जरूरत है यहां जातियों, वर्गों में बंटने के बजाए एक होकर राष्ट्र की मजबूती में योगदान देने की। तभी भारत जल्द ही विश्व गुरु बनेगा। समारोह में मुख्य अतिथि मां गंगा को बनाया गया, जिनकी प्रतिमा को प्रतीक स्वरूप मंचासीन कराया गया।

ट्रस्ट की अध्यक्ष साध्वी विचित्र रचना ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि उनका प्रयास है कि अखण्ड भारत शक्तिपीठ ट्रस्ट लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति के स्थान पर भारतीय संस्कृति और सभ्यता पर आधारित शिक्षा नीति को बढ़ावा दिया जाए। उनके ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही देशभर में गुरुकुल की स्थापना कर समग्र शिक्षा को बढ़ाने की दिशा में कार्य करेंगी। उन्हाेंने कहा कि बेहतर भारत निर्माण के लिए जरूरी है कि हम आने वाली पीढ़ी को संस्कारी शिक्षा से सराबोर किया जाए।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट देशभर में अपने कार्यों को पहुंचाने का कार्य करेगा। भारत पूरे विश्व को समरसता, बधुंत्व,वीरता और समर्पण का रास्ता दिखाये, इसके लिए सभी को देशहित में योगदान देना पड़ेगा। केदारनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष देवप्रकाश सेमवाल ने कहा कि केदारनाथ घाटी में 2013 में आयी आपदा के बाद वहां के मृतकाें की आत्म शांति के लिए साध्वी विचित्र रचना ने पूरे राज्य में भागवत कथा करते हुए वहां जनजीवन को फिर से प्रारंभ करने के प्रयासों में काफी योगदान दिया।

इस दौरान समारोह में शिक्षा क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए विद्याभारती के प्रांतीय मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल, शिक्षिका हिमांशु शर्मा, सामाजिक सेवा के लिए केदारनाथ नगर पंचायत अध्यक्ष देवप्रकाश सेमवाल, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. बत्तरा, समाजसेवा के लिए जयन्ती देवी, डॉ. विजया, महंत श्यामपुरी, स्वच्छता के क्षेत्र में अनिल गिरी सहित उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों, स्थानों से आये विभिन्न क्षेत्रों के 50 से अधिक समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

समारोह का संचालन भाजयुमो नेता विदित शर्मा ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में पौड़ी, रुद्रप्रयाग, देहरादून से आये लोगों के अलावा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत